आज़मगढ़। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधान परिषद सदस्य और पूर्व विधायक मुबारकपुर शाह आलम उर्फ़ गुड्डू जमाली ने अपने क्षेत्रीय जनता को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प दोहराया। रविवार को उन्होंने एमएलसी विकास निधि और पूर्वांचल विकास निधि से लगभग 78.66 लाख रुपये की सौगात दी। इस राशि से सात निर्माण कार्य पूरे किए गए, जिनका लोकार्पण कर उन्होंने कहा कि यह जनता का पैसा है और इसे पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा में लगाया जा रहा है।
इन विकास कार्यों में अजमतगढ़, बिलरियागंज और हरैया ब्लाक में सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, नाला, पटिया युक्त नाला और कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। लोकार्पण के मौके पर उपस्थित क्षेत्रीय जनता ने एमएलसी जमाली के इस प्रयास की सराहना की और उनके प्रति आभार जताया।
शाह आलम गुड्डू जमाली ने विधानसभा सगड़ी के अंतर्गत अजमतगढ़ ब्लाक के सगड़ी बाजार स्थित कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए विधायक विकास निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत किए। वहीं बखालिस बाजार में नाले के निर्माण हेतु 7.81 लाख रुपये दिए गए। हरैया ब्लाक के सोनबुजुर्ग गांव में सीसी रोड के लिए 10 लाख रुपये, चांदपट्टी में पटिया युक्त नाली के लिए 10 लाख रुपये और करमैनी गांव में सीसी रोड निर्माण के लिए 9.95 लाख रुपये खर्च किए गए।
इसी क्रम में पूर्वांचल विकास निधि से विधानसभा गोपालपुर के बिलरियागंज ब्लाक में भी कार्य कराए गए। रसूलपुर गांव में इंटरलॉकिंग के लिए 11.69 लाख रुपये, जगमलपुर में 9.86 लाख रुपये और जोल्हापुर में 9.35 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया गया।
इस अवसर पर एमएलसी जमाली ने कहा, “आज़मगढ़ मेरा घर है और यहां की आवाम मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। मैंने राजनीति में आने का फैसला सिर्फ़ इसलिए लिया कि अपने लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ सकूं। विधायक था तब भी और आज एमएलसी हूं तब भी, जनता के लिए मेरे दरवाजे 24 घंटे खुले हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जनता की समस्याओं और विकास से जुड़े हर मुद्दे को वह न केवल अपनी निधि से बल्कि आवश्यकता पड़ने पर अपने वेतन से भी हल करने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं को सदन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाकर समाधान कराएंगे।
