फतेहपुर। बहुआ टाउन में दो दिनों से बिजली न आने पर सोमवार प्रधान संघ की ब्लाक अध्यक्ष एवं सुजानपुर ग्राम प्रधान हेमलता पटेल समर्थकों संग बहुआ पावर हाउस पहुंची। जहां अधिकारियों के नदारत मिलने पर उन्होने नाराजगी का इजहार किया। उनका कहना रहा कि लाइनमैन क्षेत्र की बिजली चला रहे हैं। कार्यालय में सभी व्यवस्थाएं ध्वस्त हैं। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बहुआ टाउन स्थित विद्युत उपकेंद्र की व्यवस्था जर्ज़र स्थित में है। दो दिन से क्षेत्र में बिजली न पहुंचने से जनमानस गर्मी से त्रस्त है। किसान खेतों में पानी नहीं लगा पा रहे हैं। फसलें सूख रही हैं। क्षेत्र की जनता ने प्रधान संघ की ब्लाक अध्यक्ष व गुलाबी गैंग अध्यक्ष हेमलता पटेल से पावर हाउस के रवैय्ये की शिकायत कर सहयोग की अपील की। अध्यक्ष समर्थकों संग पावर हॉउस पहुंची तो वहां जेई समेत सभी कर्मचारी नदारत मिले। सिर्फ लाइनमैन मिले। जो जैसे-तैसे पूरा कार्यालय संभाले थे। यह देख हेमलता पटेल का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तत्काल एक्सईएन से फोन पर बात की और स्थितियों में सुधार करते हुए तत्काल समस्या का समाधान कर बिजली सप्लाई कराने को आगाह किया। अन्यथा की स्थिति में क्षेत्र की जनता के साथ गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक वृहद आंदोलन पावऱ हॉउस में करेगा। इस दौरान संगठन की सदस्य व ग्रामीण भी मौजूद रहे।
