Breaking News

ट्यूबवेल पर सो रहे मजदूर की हत्या का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में हुई एक मजदूर की निर्मम हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी बाल अपचारी बताया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए युवक की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली है।

मृतक की पहचान मऊ जिले के दोहरीघाट निवासी विनय प्रजापति के रूप में हुई है, जो बीते दिनों रौनापार क्षेत्र में मजदूरी के सिलसिले में आया था। विनय की लाश गांव के पास एक ट्यूबवेल के पास सरपत में छिपी मिली थी। उसके सिर को ईंट से बुरी तरह कुचला गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर निकले तो शव देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ एसपी ग्रामीण चिराग जैन, फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम ने मौके की बारीकी से जांच की। पुलिस ने छानबीन के दौरान एक संदिग्ध युवक टिंकू उर्फ साहिल को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि विनय प्रजापति का कुछ दिनों पूर्व टिंकू के दोस्त से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था। विनय ने कथित रूप से झगड़े के दौरान गालियां दी थीं और अपमानित किया था। इसी बात से आहत होकर टिंकू और उसके नाबालिग साथी ने मिलकर विनय की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बीती रात ट्यूबवेल पर सो रहे विनय के पास पहुंचे और ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को पास ही सरपत में छिपा दिया और मौके से फरार हो गए।

फिलहाल पुलिस आरोपी टिंकू को न्यायालय में पेश कर रही है, जहां से उसे जेल भेजा जाएगा। वहीं, बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial