Breaking News

आजमगढ़ : महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया सावन सेलिब्रेशन

Spread the love


नन्हे-मुन्ने बच्चों की शिव-पार्वती झांकी और “छोटा कांवड़िया” प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र

आजमगढ़: सावन के पावन महीने में महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में भव्य “सावन सेलिब्रेशन” का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समस्त वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय प्रांगण शिव भक्ति में सराबोर दिखा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधक डी.पी. मौर्य, प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य, उप प्रधानाचार्य एस.एन. यादव एवं कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य द्वारा भगवान शिव-पार्वती की आरती के साथ की गई। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत शिव परिवार की झांकी — जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती, श्री गणेश, कार्तिकेय एवं नंदी जी के जीवंत रूप को साकार किया गया — ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया।

कक्षा सातवीं की छात्राओं ने “समुद्र मंथन एवं शिव जी द्वारा विष पान” पर आधारित नृत्य नाटिका के माध्यम से न केवल पौराणिक कथा को मंच पर जीवंत किया, बल्कि आध्यात्मिकता और नृत्य कला का सुंदर संगम भी प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इसके अलावा छोटे-छोटे बच्चों ने “छोटा कांवड़िया” गीत पर उत्साहपूर्वक अभिनय करते हुए भगवान शिव को समर्पित गीतों से पूरा माहौल ‘बोल बम’ के नारों से गुंजायमान कर दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य ने इस अवसर पर कहा, “हमारा उद्देश्य केवल अकादमिक विकास नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अंदर भारतीय संस्कृति, परंपरा और श्रद्धा की भावना को विकसित करना भी है। सावन सेलिब्रेशन बच्चों के अंदर आध्यात्मिकता और नाट्य प्रतिभा को जागृत करने का एक माध्यम है।”

कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्रधानाचार्य एस.एन. यादव, कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, शिक्षकों में राम चरण मौर्य, दीपिका सिंह, दिनेश यादव, मीनाक्षी अस्थाना, किशन यादव, राहुल तिवारी, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, अजय कुमार यादव, आरोही मोदनवाल एवं आदित्य मिश्रा का विशेष योगदान रहा।

अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को सावन मास की शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial