आजमगढ़ जिले में पुलिसिंग को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुगम व प्रभावी सेवा देने के उद्देश्य से सोमवार को थाना फूलपुर में नवनिर्मित व जीर्णोद्धार भवनों का उद्घाटन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने थाना परिसर में तैयार की गई विभिन्न प्रशासनिक इकाइयों का फीता काटकर लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत थाना फूलपुर परिसर के मुख्य गेट के उद्घाटन से हुई। इसके बाद जनसुनवाई कक्ष, थाना प्रभारी कार्यालय, प्रशासनिक भवन, क्षेत्राधिकारी कार्यालय व चौकी अम्बारी के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन किया गया।
बॉर्डर पर मिला नया पुलिस बूथ
अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस द्वारा एक और अहम कदम उठाया गया है। आजमगढ़-जौनपुर सीमा पर बनाए गए पुलिस बूथ ‘खानजहापुर पुलिस बूथ’ का भी उद्घाटन किया गया। यह बूथ सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों पर नियंत्रण और जनता को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों से संवाद, समस्याएं सुनी गईं
कार्यक्रम के दौरान थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय कानून-व्यवस्था, यातायात, महिलाओं की सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान और आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों ने अपनी बात रखी। एसएसपी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी हो।
चौकीदारों से अलग बैठक, समस्याएं दर्ज
इसके बाद चौकीदारों के साथ भी एक विशेष गोष्ठी की गई, जिसमें उनके कार्य क्षेत्र में आने वाली समस्याएं, संसाधनों की कमी और आवश्यकताओं पर चर्चा हुई। एसएसपी ने चौकीदारों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से देखेगा।
प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह, थाना फूलपुर के प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
पुलिसिंग को मिलेगा नया आयाम
एसएसपी हेमराज मीना ने कहा कि इन भवनों से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य स्थल मिलेगा और आम जनता को एक प्रभावी, संवेदनशील व सहज पुलिस सेवा का अनुभव होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत डोर ही कानून व्यवस्था का असली आधार है।
