आज़मगढ़ :- नेहरू हॉल में लल्लन चौहान के स्वागत में उमड़ी भीड़, धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना आजमगढ़ जिले के कलेक्ट्रेट स्थित नेहरू हॉल में वृहस्पतिवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में समाजसेवी और उद्यमी लल्लन चौहान का समाजवादी पार्टी में औपचारिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा के मुख्य सचेतक और सांसद धर्मेंद्र यादव रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर निशाना साधा और केंद्र व राज्य सरकार पर दलित, पिछड़ा, मुस्लिम, मजदूर और गरीब विरोधी होने का आरोप लगाया। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि, “आज देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। गरीब और मजदूर दिन-ब-दिन और अधिक पीड़ित हो रहा है जबकि पूंजीपतियों की संपत्ति लगातार बढ़ रही है। यह सरकार पूरी तरह से पूंजीपतियों के पक्ष में कानून बना रही है। सरकारी संस्थाओं को भी औने-पौने दाम पर बेचा जा रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में संगठित भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जिसमें सरकार में बैठे अधिकारी व नेता शामिल हैं। नौकरियों के नाम पर आउटसोर्सिंग व संविदा नियुक्तियों के जरिए युवाओं की मेहनत और प्रतिभा का शोषण हो रहा है, जिससे आरक्षण जैसे संवैधानिक अधिकारों को निष्क्रिय किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, “आज शिक्षा और चिकित्सा इतनी महंगी हो चुकी है कि गरीब किसान का बेटा डॉक्टर या इंजीनियर बनने का सपना भी नहीं देख सकता। भाजपा सरकार पिछड़ों और दलितों के वोट से सत्ता में आई लेकिन लाभ केवल बड़े लोगों को पहुंचाया जा रहा है।” धर्मेंद्र यादव ने इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “अखिलेश जी ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत को संगठित करने का जो संकल्प लिया है, उसी से 2027 में उत्तर प्रदेश में गरीबों की सरकार बनेगी।” कार्यक्रम में लल्लन चौहान के पार्टी में शामिल होने के अवसर पर भारी संख्या में समर्थकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने शिरकत की। सभी ने माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में लल्लन चौहान ने कहा, “मैं अखिलेश यादव जी के विचारों से प्रेरित होकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुआ हूं। हम सब मिलकर पीडीए की ताकत को और मजबूत करेंगे और 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे।” उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी ही एकमात्र ऐसा दल है जो दबे-कुचले, गरीब, पिछड़े, दलितों और मुसलमानों की भलाई के लिए वास्तविक योजनाएं बनाता है और उन्हें लागू करता है। बाईट – धर्मेंद्र यादव – सांसद समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने मीडिया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा: “भाजपा की सरकार ने जनता को केवल सपने दिखाए हैं, हकीकत में आज भी गरीब का बच्चा भूखा है, बेरोजगार नौजवान दर-दर भटक रहा है। ये सरकार पूंजीपतियों के लिए है, गरीबों और पिछड़ों के लिए नहीं। समाजवादी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो बाबा साहब आंबेडकर और लोहिया जी के सपनों को साकार करने का काम कर रही है।” हवलदार यादव ने आगे कहा: “लल्लन चौहान जैसे जमीनी नेता का समाजवादी पार्टी में आना हमारी ताकत को और बढ़ाता है। यह चौहान समाज के साथ-साथ पूरे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग का मनोबल बढ़ाने वाला कदम है। हम सब मिलकर अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में 2027 में एक मजबूत और जनहितैषी सरकार बनाएंगे।” बाईट – हवलदार यादव – सपा जिला अध्यक्ष इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश एडवोकेट ने की, जो चौहान समाज के प्रमुख नेता हैं। संचालन राम आसरे चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह उत्साह और जोश से भरा रहा, जहां चौहान समाज के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी मजबूत उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में आए सभी अतिथियों ने एक स्वर में सपा और पीडीए के मिशन को सफल बनाने का संकल्प लिया। लल्लन चौहान के पार्टी में आने से न केवल चौहान समाज बल्कि पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों में भी एक नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
