Breaking News

झूसी की दो बेटियों का सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में चयन, भारत माता की जयकारों से गूंजा माहौल

Spread the love

रिपोर्ट – परवेज आलम 

प्रयागराज, झूसी। झूसी की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और मेहनत मिले, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं। विजय ग्रुप झूसी हॉकी अकादमी में निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दो बालिका खिलाड़ी — उमम और तेजस्वी — का चयन सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 3 जुलाई से 14 जुलाई तक रांची, झारखंड में आयोजित की जाएगी, जहां ये दोनों खिलाड़ी दादरा एवं नगर हवेली राज्य की ओर से प्रतिभाग करेंगी।

उमम, जो सफात हुसैन और शहनुमा परवीन की सुपुत्री हैं, झूसी कोहना की निवासी हैं। वहीं तेजस्वी निषाद, मनीष चौधरी और विभा निषाद की बेटी हैं, जो नई झूसी क्षेत्र की निवासी हैं। दोनों बेटियों ने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।

इन दोनों बालिका खिलाड़ियों को प्रशिक्षक विजय सिंह द्वारा लगातार एक वर्ष से निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “बालकों के साथ-साथ बालिकाओं का प्रदर्शन भी बेहतरीन है। यह चयन एक वर्ष की कड़ी तपस्या का परिणाम है। इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।” उन्होंने उमम और तेजस्वी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित किया।

चयन की खबर मिलते ही अकादमी में जश्न का माहौल बन गया। प्रमथ मिश्रा, प्रांजल मिश्रा, विपुल सिंह सहित साथी खिलाड़ी काव्या सिंह, आकांक्षा, प्रियांशी, पीहू, अनामिका, कोमल, मुस्कान, स्मृति और लाडो ने उन्हें बधाई दी और मिठाइयों से मुंह मीठा कराया।

अकादमी परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा और हर चेहरे पर गर्व की चमक थी। सभी ने दोनों बालिकाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे रांची में अपने हुनर से न सिर्फ अपने जिले का बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।

इस अवसर ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि बेटियां खेलों में भी किसी से कम नहीं हैं। वे आगे बढ़ेंगी, तभी तो भारत भी आगे बढ़ेग।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial