Breaking News

सूरज प्रकाश श्रीवास्तव बने अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष, सिविल लाइन में हुआ भव्य स्वागत

Spread the love

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा का उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके इस पद पर मनोनयन के बाद प्रयागराज स्थित सिविल लाइन के कैंप कार्यालय पर कायस्थ समाज के लोगों और शुभचिंतकों ने भव्य स्वागत किया। उन्हें माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

स्वागत समारोह में सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वह न केवल सम्मान का विषय है बल्कि यह समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि, “मैं उत्तर प्रदेश में कायस्थ समाज को संगठित कर महासभा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहूंगा। हम अपने समाज को राजनीति, शिक्षा, चिकित्सा और विधिक क्षेत्र में आगे लाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करेंगे।”

उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि वर्तमान समय में कायस्थ समाज की राजनीतिक भागीदारी में भारी गिरावट आई है, जिसे महासभा गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि महासभा की प्राथमिकता होगी कि वह कायस्थ युवाओं को राजनीति में भाग लेने के लिए प्रेरित करे और समाज में राजनीतिक चेतना का विस्तार करे।

सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने अपने वक्तव्य में महासभा के राष्ट्रीय संयोजक मनीष श्रीवास्तव, राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव, राष्ट्रीय संरक्षक एवं गोरखपुर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव का विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के योग्य समझा और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की कमान सौंपी।

स्वागत समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति और कायस्थ समाज के प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर शासकीय अधिवक्ता विद्याधर श्रीवास्तव, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रजनीश श्रीवास्तव, सभासद विशाल श्रीवास्तव, सहायक शासकीय अधिवक्ता सचिन श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, भाजपा नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, तरुण श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, राज श्रीवास्तव सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

समारोह में उपस्थित सभी वक्ताओं ने सूरज प्रकाश श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महासभा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए श्रीवास्तव ने कहा कि वे शीघ्र ही प्रदेश भर का दौरा कर संगठन की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे और हर जिले में महासभा को सक्रिय रूप से स्थापित करने का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial