आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की बकाया पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान आदित्य सेठ पुत्र राजू सेठ के रूप में हुई है, जिसकी 29 मई की रात लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में मृतक के परिजन सत्यम सेठ ने चार नामजद आरोपियों – सनोहर चौरसिया, मनोहर चौरसिया, सर्वेश चौरसिया और सुनीता देवी – के खिलाफ देवगांव कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने चार टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में मुख्य आरोपी सनोहर चौरसिया ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि 29 मई की रात आदित्य दुकान पर कुछ सामान लेने आया था। उसी दौरान पुराने बकाए को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। सनोहर ने यह भी कबूल किया कि आदित्य से पुरानी रंजिश थी, जिस वजह से अन्य लोगों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से उस पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया गया।
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
