Breaking News

आजमगढ़ : युवक रहस्यमय ढंग से लापता,परिजनों ने अपने ही रिश्तेदार पर लगाए गंभीर आरोप।

Spread the love

आजमगढ़ : अतरौलिया थाना क्षेत्र के चिश्तिपुर गांव निवासी रामप्रवेश राजभर (उम्र 26 वर्ष) बीते 23 मई से रहस्यमय तरीके से लापता है। परिजनों के अनुसार वह दोपहर करीब 2 बजे घर से मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए अतरौलिया बाजार गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उसी दिन स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

शनिवार को एक बार फिर परिजन भारी संख्या में अतरौलिया थाने पहुंचे और युवक की बरामदगी को लेकर पुलिस पर दबाव बनाया। इस दौरान उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि रामप्रवेश बाजार न जाकर अपनी मौसी के घर अहिरौला थाना क्षेत्र के फरीदपुर निजामपुर गांव स्थित एक शादी समारोह में चला गया था, जिसके बाद से उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ है और उसका कोई पता नहीं चल रहा।

परिजनों ने यह भी दावा किया कि रामप्रवेश का अपनी ही मौसी की बेटी से प्रेम संबंध था, और आशंका है कि उसी के चलते वह शादी समारोह में शामिल होने गया था। परिवारवालों को शक है कि प्रेम प्रसंग के कारण किसी पारिवारिक रंजिश में युवक के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने युवक की मौसी पक्ष के कुछ लोगों पर संलिप्तता की आशंका जताई है और पुलिस से जल्द मामले की जांच कर युवक की बरामदगी की मांग की है।

इस पूरे मामले पर अतरौलिया थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि युवक बालिग है और तीन मोबाइल सिम का इस्तेमाल करता था, जो तीनों फिलहाल बंद हैं। पुलिस मामले की हर पहलु से जांच कर रही है।

फिलहाल परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में भी इस रहस्यमय गुमशुदगी को लेकर चर्चा का माहौल है। अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच कब तक किसी निष्कर्ष तक पहुंचती है और लापता युवक का सुराग लग पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial