आजमगढ़। हाइडिल चौक सिधारी स्थित एस एन आर डी पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी और मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आजमगढ़ राजीव पाठक ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और उनके चित्र पर माल्यार्पण करके की। इस अवसर पर प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी ने मुख्य अतिथि राजीव पाठक का स्वागत बुके, अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट कर किया।
मुख्य अतिथि राजीव पाठक ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा, “बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने विद्यालय के शैक्षिक और सांस्कृतिक प्रयासों की तारीफ करते हुए सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने “बेटी बचाओ, नारी सशक्तिकरण” और “सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव” जैसे सामाजिक विषयों पर नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों को जागरूक किया। इसके अलावा बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया।
स्कूल के प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी नेकहा की एस एन आर डी पब्लिक स्कूल हमेशा से ही छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमारा उद्देश्य न केवल शैक्षिक उत्कृष्टता प्रदान करना है, बल्कि बच्चों को सांस्कृतिक, सामाजिक और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ना है। आज के इस वार्षिकोत्सव में बच्चों ने जिस उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यालय के विद्यार्थी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले भविष्य के नागरिक बनेंगे। हम आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को नई-नई क्षमताओं को पहचानने और निखारने का अवसर प्रदान करते रहेंगे।”
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक शिवम तिवारी ने आए हुए सभी अतिथियों का बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “एस एन आर डी पब्लिक स्कूल बच्चों के शैक्षिक विकास के साथ-साथ उनके सांस्कृतिक और सामाजिक विकास पर भी जोर देता है।”
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अरुण पाठक, शैलेंद्र अग्रवाल, प्रवीण सिंह, सौरभ सिंह, बीनू ब्लॉक प्रमुख, राजेंद्र यादव, वेद प्रकाश यादव, शिव गोविंद सिंह सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक और गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एंकर अभय तिवारी ने किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की और विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।
