Breaking News

भूमि विवाद के मामलों का राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम कराए निपटारा

Spread the love

फतेहपुर। खागा तहसील प्रांगण में सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने कहा कि भूमि विवाद के मामलों का राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निपटारा कराने का प्रयास करे। फरियादियों को निस्तारण की कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए। शिकायतों को लंबित न रखा जाए। पात्रता के आधार पर जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को दिया जाए। आज विभिन्न विभागों से संबंधित 171 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किए गए। जिसमें 47 शिकायतों का त्वरित निस्तारण अधिकारियों द्वारा कर दिया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जनपद के खागा, सदर व बिन्दकी तहसील में हुआ। खागा तहसील प्रांगण में जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की चल रही जनकल्याणकारी योजनाओ का लाभ हर गरीब पात्र व्यक्ति को दिया जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भूमि विवाद व अधूरे आवासों में व्यक्तिगत व टीम बनाकर विवादों का निपटारा कराएं। उन्होंने तहसीलदार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारियो को निर्देश दिए कि पारिवारिक लाभ, पेंशन आदि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रता के आधार पर दिया जाए। योजनाओ में कतई शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हरदो में निष्प्रयोज्य पानी की टंकी को तत्काल ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश जेई पीडब्ल्यूडी व जेई जल निगम को दिए। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फरियादियों के प्रार्थना पत्रो में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए मौके पर जाकर निस्तारण करें। जिससे फरियादी को तहसील के बार-बार चक्कर न लगाना पड़े। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस नवनीत सेहरा, उप जिलाधिकारी खागा आशीष कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 राजेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial