खबर आज़मगढ़ ज़िले से है, जहाँ बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर नारेबाज़ी की। एसडीओ अभिषेक राय ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही कार्यवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवली आईमा के गौरिया बस्ती के ग्रामीणों का आरोप है कि तीन महीने से उनका ट्रांसफार्मर जला पड़ा है, जिससे बिजली की सप्लाई नहीं मिल रही है। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र मुबारकपुर से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से संपर्क किया है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। पूरा गांव अंधेरे में जीने को मजबूर है। ग्रामीणों का कहना है कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि पानी पीने के भी लाले पड़ गए हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो वे लोग मजबूर होकर रोड जाम करेंगे, जिसका पूरा जिम्मेदार बिजली विभाग होगा।
वहीं, बिजली विभाग के एसडीओ अभिषेक राय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और कुछ दिन पहले ही ट्रांसफार्मर के लिए पीआर कर दिया गया है। जैसे ही वर्कशॉप से ट्रांसफार्मर उपलब्ध होगा, उसे तुरंत गांव में लगा दिया जाएगा।
इसी बीच, क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य रामप्रवेश यादव भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि उन्होंने बिजली विभाग के जेई और एक्सईएन से बात की है और इस मामले को लिखित में भी दिया है। विभाग ने जल्द ही ट्रांसफार्मर लगाने का भरोसा दिलाया है। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर संघर्ष के लिए तैयार हैं।”
