आज़मगढ़। नारी शक्ति संस्थान द्वारा नगर के श्री अग्रवाल धर्मशाला के सभागार में नारी शक्ति सावन उत्सव-2022 का आयोजन सम्पन्न हुआ। जिसमे मुख्य अतिथि के रूप में कंचन मिश्रा व सुनीता सिंह मौजूद रही। वहीं अध्यक्षता अर्चना वत्सल व संचालन अंशु अस्थाना ने किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कजरी गीत से हुआ। इस दौरान हरे रामा रिमझिम बरसे पनिया, झूले सिया रनिया ए हरि…..व पिया मेंहदी मंगा दा मोती झील से, जाकरे साइकिल से ना जैसे एक से बढ़कर एक कजरी गीतों ने सभी का मनमोह लिया।
कार्यक्रम के बारे में संस्था सचिव डॉ पूनम तिवारी ने बताया कि संस्था ऐसे कार्यक्रमो का आयोजन भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति के संवर्धन के लिए करती है। कार्यक्रम के माध्यम से संस्था अपनी लोक परम्पराओ को अपनी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य विगत कई वर्षों से अनवरत करती चली आ रही है जिससे अपनी लोक परम्पराओ को अक्षुण्य बनाया जा सके।
इसके बाद सावन उत्सव के तहत कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमे सावन सुंदरी प्रतियोगिता में अनामिका प्रजापति विजेता रही वहीं सावन गीत (कजरी) प्रतियोगिता की विजेता अंशु अस्थाना, सावन नृत्य प्रतियोगिता की विजेता-विदुषी अस्थाना, सावन मेहंदी प्रतियोगिता की विजेता नीतू कश्यप विजेता को पुरस्कृत किया गया। सभी विजेताओं को सावन सुंदरी ताज, श्लेष, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र दिया गया वहीं संस्कार शॉपिंग सेंटर की तरफ से विजेताओं को एक हजार एक सौ रुपये की खरीदारी के लिए कूपन दिया गया। अन्य विजेताओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र व संस्कार शॉपिंग सेंटर की तरफ से एक हजार एक सौ रुपये की मुफ्त खरीदारी का कूपन देकर हौसला अफजाई किया गया।
अंत मे अध्यक्षीय सम्बोधन करते हुए अर्चना वत्सल ने आगन्तुको के प्रति आभार प्रकट कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर संस्था की समस्त पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रही।
