फतेहपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की बैठक में हिस्सा लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रीत कुमार सिंह ने उपस्थित समाज के लोगों को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। उनका कहना रहा कि एकजुटता से ही समाज को ऊंचाईयों पर ले जाया जा सकता है। उन्होने संगठन मजबूती पर भी ध्यान देने का आहवान किया। संगठन मजबूती के उद्देश्य से दो फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्ष मनोनीत किए गए। समाज के लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की समीक्षा बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष प्रीत कुमार सिंह व विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने शिरकत की। बैठक से पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों का समाज के लोगों ने फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। स्वागत के पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि कोई भी संगठन या समाज एकजुटता के आगे नहीं बढ़ सकता। इसलिए सभी लोग एकजुट रहें। संगठन मजबूती के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का काम करें। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की तरक्की का रास्ता शिक्षा से होकर जाता है। इसलिए बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से अवश्य जोड़ें। बैठक के दौरान संगठन मजबूती के उद्देश्य से सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद पर जितेंद्र सिंह व विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद पर मनोज कुमार सिंह एडवोकेट का मनोनयन किया गया। दोनों पदाधिकारियों का भी फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर कर्मवीर सिंह, धर्मेन्द्र सिंह जनसेवक, धर्मेश सिंह, जितेन्द्र सिंह, गोपाल सिंह जादौन, शिव कुमार सिंह राणा, अवनीश चौहान, विक्रम चंदेल, अशोक चौहान, धर्मेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।
