फतेहपुर। विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा बैठक बुधवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लेते हुए प्राप्त फार्मों में कमियों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होने नए मतदाताओं के फार्मों को एआरओ से चेकिंग कराकर अपडेशन किए जाने की हिदायत दी।
वीडियो कांफ्रेसिंग में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने नाम बढ़ाने व घटाने वाले प्राप्त फार्मा का सत्यापन, फीडिंग/अपडेशन तथा पोलिंग स्टेशनों की स्थिति, रैंप शौचालय, फर्नीचर, पेयजल की उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी हासिल की। उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त फार्मां में बहुत ही कमियां प्रकाश में आ रही हैं। इस पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है। प्रत्येक नए मतदाता के फार्मां को एआरओ सही चेकिंग कर अपडेशन कराएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में और तेजी लाने की जरूरत है। क्रास चेकिंग/सुपर चेकिंग समय-समय पर की जाए, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनय कुमार पाठक, उप जिलाधिकारी सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।
