Breaking News

आजमगढ़ के मुबारकपुर में 100 से अधिक यूनिट रक्तदान कर बनी मानवता की मिसाल….

Spread the love

मुबारकपुर में ऐतिहासिक रक्तदान शिविर, 100 से अधिक यूनिट रक्तदान कर बनी मानवता की मिसाल

आजमगढ़। मुबारकपुर कस्बे में सोमवार को आयोजित साहब लाल सर्राफा मेमोरियल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया। अनजुमन गैसिया के निकट आयोजित इस शिविर में पहली बार 100 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस आयोजन का संचालन वॉरियर्स हेल्प क्लब, मुबारकपुर द्वारा प्रसिद्ध समाजसेवी सुनील वर्मा की देखरेख में किया गया।

रक्तदान शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं जवानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे दिन रक्तदाताओं का उत्साह देखने लायक रहा। रक्तदान के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं और सभी ने स्वेच्छा से इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता निभाई। आयोजकों के अनुसार यह मुबारकपुर के इतिहास का सबसे बड़ा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर साबित हुआ।

कार्यक्रम की सफलता के पीछे वॉरियर्स हेल्प क्लब के सदस्यों की कई महीनों की मेहनत, जनजागरूकता अभियान और बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। क्लब के स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक किया, जिसका सकारात्मक परिणाम शिविर में देखने को मिला।

क्लब के उपाध्यक्ष आमिर प्लम्बर ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्त की कमी को केवल स्वैच्छिक रक्तदान से ही दूर किया जा सकता है।

शिविर में रक्त संग्रह की पूरी प्रक्रिया ब्लड बैंक सदर, आजमगढ़ की विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न कराई। टीम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. रमणीक श्रीवास्तव, पब्लिक रिलेशन ऑफिसर डॉली पाण्डेय, काउंसलर राजेंद्र कुमार यादव, संगीता मौर्या, शशांक दुबे, जयनाथ (लैब टेक्नीशियन), विकास विश्वकर्मा (स्टाफ नर्स), लाल जी (वार्ड बॉय) तथा विजय प्रकाश पाण्डेय (ड्राइवर) शामिल रहे। चिकित्सकीय मानकों का पालन करते हुए सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष मंज़र ईमाम, उपाध्यक्ष आमिर प्लम्बर, सचिव अकरम मलिक, कोषाध्यक्ष अली अब्बास, मीडिया प्रभारी ज़फ़र मेराज, डायरेक्टर शारिक निज़ामी सहित बाबर अली, मुहम्मद यासीन, शाहिद कलीम, मीज़ान, अज़हर महमूद, नौसाद अहमद, दानिश, फ़राज़, तौफ़ीक़, हस्सान, इरशाद, शाहिद भाई एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुबारकपुर में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों का बढ़ता उत्साह समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके और अधिक से अधिक लोगों को इस महान सेवा अभियान से जोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial