थाईलैंड में स्वर्ण जीतकर लौटे पहलवान विवेक चौहान का भव्य सम्मान, आजमगढ़ का बढ़ाया मान…
आजमगढ़, 3 जुलाई। जनपद के होनहार पहलवान विवेक चौहान ने थाईलैंड के पटाया में आयोजित अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप-2026 में 85 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जनपद का गौरव बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुक्रवार को हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में उनका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक एवं कुश्ती संघ आजमगढ़ के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विवेक चौहान, ग्राम चंदौका, पोस्ट पठखौली, जनपद आजमगढ़ निवासी वीरेन्द्र कुमार चौहान के पुत्र हैं। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने की इस उपलब्धि ने पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि विवेक की सफलता जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह साबित करती है कि ग्रामीण प्रतिभाएं भी कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर विश्व मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
इस अवसर पर विवेक चौहान के प्रशिक्षक एवं उपक्रीड़ा अधिकारी आजमगढ़ जयप्रकाश यादव को भी अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। जयप्रकाश यादव के साथ प्रशिक्षक गोविंद यादव के मार्गदर्शन में विवेक ने सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ से कुश्ती का प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्तमान में वह पिछले एक वर्ष से स्पोर्ट्स हॉस्टल गोरखपुर में रहकर उच्चस्तरीय प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिसका परिणाम एशियाई प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया है।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजमगढ़ की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जनपद के पहलवान ओलंपिक जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताते हुए आगे भी इसी लगन से तैयारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कुश्ती संघ एवं खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष विजय शंकर यादव, सचिव प्रवीण कुमार यादव, आजमगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव अजेन्द्र राय, चंद्रिका यादव, बुझारत यादव, श्याम सुंदर गुप्ता, भयैया लाल, लालचंद यादव, बलधारी चौहान, मोती यादव, राम नयन प्रजापति, धर्मेंद्र चौहान, रण विजय चौहान, अखिलेश यादव, सत्यवान यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने विवेक चौहान की उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशा जताई कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए स्वर्णिम सफलता अर्जित करेंगे।
