आजमगढ़ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। महिलाओं को गहने साफ करने और चमकाने का झांसा देकर सोने के आभूषण हड़पने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के बाद बिहार के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक के पैर में गोली लगी है। दोनों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, कान के झाले, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
मामला आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कंजहित का है, जहां 16 जून को दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला को गहने साफ करने और उन्हें नया जैसा चमकाने का लालच दिया। महिला जैसे ही उनके झांसे में आई, दोनों आरोपी उसके सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर उन्होंने असलहा दिखाकर मौके से जान से मारने की धमकी दी और भाग निकले।
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू हुई और पुलिस लगातार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। सरूपहां क्षेत्र के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी चाहत कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मुन्ना शाह मौके से भागने की कोशिश करते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपी बिहार के कटिहार जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में छीनी गई सोने की चैन, दो कान के झाले, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि दूसरे आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ कई जिलों और राज्यों में घूम-घूमकर महिलाओं को गहने साफ करने, चमकाने और पुराने गहनों को नया बनाने का झांसा देकर ठगी और लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब इस अंतर्राज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और कई स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल देवगांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है। वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
