Breaking News

आजमगढ़ : महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Spread the love

आजमगढ़ :- तिवारीपुर स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य, प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा, योगाचार्य त्रिभुवन मौर्य एवं को-ऑर्डिनेटर आनंद मौर्य ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

इसके बाद योगाचार्य त्रिभुवन मौर्य ने अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का क्रमबद्ध अभ्यास कराया। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रबंधन समिति के सदस्यों को प्रत्येक आसन के महत्व, उसके स्वास्थ्य लाभ तथा दैनिक जीवन में योग अपनाने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योगाचार्य ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बन सकता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया, वहीं अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया। पूरे परिसर में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति स्वस्थ रहेगा तभी वह अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक डीपी मौर्य ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही योगाचार्य त्रिभुवन मौर्य को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर विद्यालय परिवार को योग के प्रति जागरूक करने का सराहनीय कार्य किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, अजय यादव, राहुल तिवारी, आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial