Breaking News

CPS के पूर्व छात्र मुहम्मद इज़हान का IIT दिल्ली में चयन, विद्यालय में हुआ सम्मान

Spread the love

आज़मगढ़ :- मुबारकपुर क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट्रल पब्लिक स्कूल (सी० पी० एस०) के लिए बुधवार का दिन गर्व और खुशी से भरा रहा। विद्यालय के पूर्व छात्र मुहम्मद इज़हान का देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान Indian Institute of Technology Delhi में पीएचडी के लिए चयन होने पर विद्यालय परिवार ने उनका भव्य सम्मान किया। इस उपलब्धि से पूरे सी० पी० एस० परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में संस्थापक अयाज़ अहमद खान ने मुहम्मद इज़हान और उनके पिता काजी मुहम्मद नसीम को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच इज़हान की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक अयाज़ अहमद खान ने कहा कि विद्यालय अपने पूर्व छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों पर हमेशा गर्व करता आया है। उन्होंने कहा कि मुहम्मद इज़हान की यह सफलता क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से हर छात्र अपने सपनों को साकार कर सकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष विद्यालय की पूर्व छात्रा आँचल श्रीवास्तव का यूपीपीसीएस में चयन हुआ है, जबकि कई अन्य छात्र-छात्राओं ने मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीयूईटी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रशासन ने सभी सफल छात्र-छात्राओं और उनके परिवारजनों को शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम देने का संकल्प दोहराया।

सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय का माहौल उत्साह और गौरव से भरा रहा। छात्र-छात्राओं ने मुहम्मद इज़हान से बातचीत कर उनकी सफलता का अनुभव जाना और उनसे प्रेरणा ली।

इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर आज़ाद खान, प्रधानाचार्य रेखा सिंह, पूर्व प्रधान मन्नान, ज़ीशान बरकाती सहित विद्यालय के तमाम शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मुहम्मद इज़हान को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial