आज़मगढ़ : भीषण गर्मी के बीच बच्चों की मस्ती और उत्साह ने मौसम को भी मात दे दी। आजमगढ़ के तिवारीपुर सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में “समर पूल पार्टी, वाटरमेलन एवं आइसक्रीम डे” का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जमकर आनंद उठाया और गर्मी के मौसम में ठंडक भरे पलों का भरपूर लुत्फ लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष रूप से पूल पार्टी का आयोजन किया गया, जहां डीजे की धुनों और खेल-कूद के माहौल में बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। ठंडे पानी से भरे पूल में बच्चों ने अपने दोस्तों के साथ खेलते हुए खूब मस्ती की। किसी ने गेंद के साथ खेला तो किसी ने ट्यूब और गुब्बारों के साथ पानी में आनंद लिया। बच्चों की खिलखिलाहट से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा।
इसके साथ ही विद्यालय में “वाटरमेलन डे” भी मनाया गया, जिसमें बच्चों को तरबूज खिलाया गया। गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले फलों के महत्व को समझाते हुए बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई। वहीं विद्यालय की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को ठंडी-ठंडी आइसक्रीम वितरित की गई, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे बच्चों में नई ऊर्जा का संचार होता है और पढ़ाई के साथ-साथ उनका मन भी तरोताजा रहता है। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा के माहौल के लिए समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए।
प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने बताया कि बच्चों को गर्मी से बचाव के उपाय भी बताए गए। उन्होंने अधिक से अधिक तरल पदार्थ पीने, नींबू पानी, मौसमी फल और हल्का भोजन लेने की सलाह दी। वहीं अकादमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य ने बच्चों को धूप से बचने और शरीर को पूरी तरह ढककर बाहर निकलने की सलाह दी। साथ ही जल संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
