Breaking News

आजमगढ़: महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में उत्साह के साथ मनाया गया ‘पृथ्वी दिवस’

Spread the love

आजमगढ़ के सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘पृथ्वी दिवस’ के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भर गया, जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर शिक्षकों तक सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के बच्चों द्वारा की गई, जिन्होंने “धरती बचाओ, पर्यावरण बचाओ” विषय पर आकर्षक वेशभूषा में मंच पर प्रस्तुति दी। छोटे-छोटे बच्चों ने अपने परिधानों और अभिनय के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का सशक्त संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

इसके बाद कक्षा प्रथम के छात्र-छात्राओं ने एक लघु नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के महत्व को दर्शाया गया। नाटक के माध्यम से बच्चों ने बताया कि यदि समय रहते हम प्रकृति की रक्षा नहीं करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ जागरूक भी किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा, एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य और कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य सहित सभी शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

प्रबंधक डीपी मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि “पृथ्वी हम सभी की है और इसकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। छोटे-छोटे प्रयासों से हम बड़े बदलाव ला सकते हैं।” वहीं प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

अकादमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से पृथ्वी को हरा-भरा और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य सहित दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, किशन यादव, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, अजय यादव, राहुल तिवारी, आरोही मोदनवाल और प्रेमा यादव समेत सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial