उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करते हुए एक युवक ने अपने ही साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ये पूरी घटना आज़मगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के चक सिकठी इस्लामपुरा गांव की है। शुक्रवार की रात 21 वर्षीय हस्सान अहमद अपने साथी इरफान के साथ घर के बाहर बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि इरफान ने अचानक चाकू निकालकर हस्सान पर हमला कर दिया।
चाकू लगने के बाद हस्सान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन घर से बाहर दौड़े। हस्सान के पिता नौशाद ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो आरोपी उनके बेटे को घसीटते हुए ले जा रहा था। किसी तरह उन्होंने अपने बेटे को छुड़ाया। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद हस्सान दीवार से टकरा गया है, लेकिन बेटे ने खुद बताया कि उसे चाकू मारा गया है।
घायल अवस्था में परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से हस्सान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही हस्सान ने दम तोड़ दिया।
मृतक हस्सान अहमद पेशे से बुनकर था और अपने परिवार में सात भाइयों में पांचवें नंबर पर था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एक छोटी सी बहस ने जिस तरह से जानलेवा रूप लिया, उसने एक बार फिर समाज में बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
