उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करों के खिलाफ अभियान में सफलता हासिल की है। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए हैं।
दरअसल, यह पूरी कार्रवाई लालगंज क्षेत्र में पुलिस की नियमित चेकिंग के दौरान हुई। क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पाण्डेय के अनुसार, रात करीब 3 बजे पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक संदिग्ध वाहन की सूचना मिली। जब पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कंट्रोल फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी। जबकि चौथे आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित उर्फ मोहीद, अमन गोड़, एकलाख उर्फ पतरका और मोबिन उर्फ कलाम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से दो अवैध असलहे, कारतूस और चापड़ बरामद किए गए हैं। घायल बदमाशों को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी मिलकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी और अवैध वध का काम करते थे। ये गिरोह सुनसान इलाकों में रात के समय पशुओं को ले जाकर उनका वध करता था और मांस की बिक्री करता था। सबूत मिटाने के लिए अवशेषों को नदी-नालों या खेतों में फेंक दिया जाता था।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी एकलाख उर्फ पतरका एक हिस्ट्रीशीटर है और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आजमगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
