उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले की सगड़ी विधानसभा में रमज़ान के पाक महीने में गंगा-जमुनी तहज़ीब की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के नेता और मशहूर चिकित्सक डॉ. अमित सिंह ने अजमतगढ़ क्षेत्र में भव्य रोज़ा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में रोज़ेदारों और स्थानीय लोगों ने शिरकत की।
सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के अजमतगढ़ में शनिवार की शाम उस समय रौनक और भाईचारे का माहौल देखने को मिला, जब समाजवादी पार्टी के नेता डॉ. अमित सिंह द्वारा आयोजित रोज़ा इफ्तार पार्टी में सैकड़ों रोज़ेदार एक साथ जुटे। पवित्र रमज़ान के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 800 लोगों ने हिस्सा लिया, जिनमें बुजुर्गों के साथ-साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल रहे।
इफ्तार से पहले लोगों ने आपसी बातचीत और मुलाकात के जरिए एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं।
डॉ. अमित सिंह ने इस मौके पर कहा कि इस तरह का आयोजन उन्होंने पिछले साल भी किया था, लेकिन उस समय स्थान अलग था। उन्होंने बताया कि इफ्तार पार्टी और होली मिलन समारोह जैसे आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को जोड़ने का एक माध्यम भी हैं।
उन्होंने कहा कि अच्छे काम करने से समाज में सकारात्मक माहौल बनता है और लोगों के बीच रिश्ते मजबूत होते हैं। यही सोचकर हर साल ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि लोग एक-दूसरे के करीब आएं और समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश जाए।
डॉ. अमित सिंह ने हाल ही में सगड़ी क्षेत्र में एक भव्य होली मिलन समारोह भी आयोजित किया था। उन्होंने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी होली और रमज़ान लगभग एक ही समय पर आए हैं, इसलिए दोनों पर्वों के अवसर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि बंटा हुआ समाज कभी तरक्की नहीं कर सकता। जब कोई समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तभी वह समाज भी विकास करता है और देश भी तरक्की करता है।
डॉ. अमित सिंह ने कहा कि भारत की असली पहचान गंगा-जमुनी तहज़ीब है, जहां हिंदू-मुस्लिम एक साथ मिलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में 99 प्रतिशत लोग एक-दूसरे के साथ प्रेम और भाईचारे से रहना चाहते हैं और यही इंसानियत की असली पहचान है।
फिलहाल अजमतगढ़ में आयोजित इस इफ्तार पार्टी ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सामाजिक एकता और भाईचारे से ही समाज और देश की तरक्की संभव है। भव्य रोज़ा इफ्तार पार्टी के इस कार्यक्रम में सभी लोगों ने मिलकर दुआ किया कि मुल्क में अमन – शान्ति हो भाई चारा बढे .
