Breaking News

आजमगढ़ में भाजपा नेता के बेटे की मिली लाश, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल….!

Spread the love

आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मछली मार्केट के पास बह रही नदी में एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।

मृतक की पहचान नमन प्रताप सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह निवासी सिधारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नमन प्रताप सिंह 11वीं कक्षा का छात्र था और बीते 8 मार्च से अपने घर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे और आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था।

मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे कुछ स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव उतराता हुआ देखा। इसके बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में पहचान होने पर पता चला कि शव उसी किशोर का है जो पिछले दो दिनों से लापता चल रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और परिवार को सांत्वना देने का प्रयास करते रहे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता राम प्रताप सिंह स्थानीय भाजपा नेता हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उनके समर्थक और परिचित भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि किशोर का शव नदी से बरामद किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial