Breaking News

आजमगढ़ में होली मिलन समारोह में उमड़ा जनसैलाब, ओम प्रकाश सिंह का दावा – 2027 में 300 पार करेगी सपा

Spread the love

आजमगढ़: होली के अवसर पर आजमगढ़ जिले के सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समाजवादी पार्टी के होली मिलन समारोह ने पूरी तरह राजनीतिक रंग ले लिया। जिले के चर्चित चिकित्सक और सगड़ी विधानसभा में अपनी राजनीतिक संभावनाओं की तलाश में जुटे डॉ. अमित सिंह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की भीड़ उमड़ी और यह आयोजन सपा के शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। कार्यक्रम में पूर्वांचल के कद्दावर नेता, जमनिया के विधायक और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह और कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह भी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने मंच से डॉ. अमित सिंह के प्रयासों की खुलकर सराहना की और कहा कि राजनीति में पढ़े-लिखे और युवा चेहरों का आना लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी आंदोलन हमेशा संघर्ष और सिद्धांतों की राजनीति का प्रतीक रहा है और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हर दौर में कठिन परिस्थितियों के बीच समाजवाद का झंडा बुलंद रखा है।

ओम प्रकाश सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि नेता जी के नेतृत्व में समाजवादी कार्यकर्ताओं ने कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन कभी भी जनता की लड़ाई से पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें कई बार विधायक बनाकर जनता की सेवा का अवसर दिया और आज भी समाजवादी विचारधारा जनता के बीच मजबूती से खड़ी है।

पूर्व मंत्री ने वर्तमान राजनीतिक हालात पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश और देश में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील और थानों में आम जनता को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है और व्यवस्था पूरी तरह से भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है। उन्होंने कहा कि किसानों, नौजवानों, बुनकरों और महिलाओं में भारी असंतोष है और यही असंतोष आने वाले समय में बड़े राजनीतिक बदलाव का कारण बनेगा।

ओम प्रकाश सिंह ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि परिवर्तन की हर लड़ाई में पूर्वांचल की भूमिका निर्णायक रही है और इस बार भी पूर्वांचल ही प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ ऐसा जिला है जो सिर्फ इतिहास पढ़ता नहीं बल्कि इतिहास बनाता है।

इस होली मिलन समारोह में समाजवादी पार्टी के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अधिक राजनीतिक महत्व दे दिया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व एमएलसी कमला यादव, विधायक संग्राम यादव, विधायक अखिलेश यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं कार्यक्रम के आयोजक डॉ. अमित सिंह ने कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन केवल त्योहार मनाने के लिए नहीं होते, बल्कि यह संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद मिलना उनके लिए बड़ी प्रेरणा है और इससे उन्हें जनता की सेवा के लिए और अधिक ऊर्जा मिलती है।

डॉ. अमित सिंह ने सगड़ी क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब लोगों को अपने भविष्य के बारे में गंभीरता से सोचना होगा। उन्होंने कहा कि जनता को यह देखना होगा कि उनके बच्चों की पढ़ाई, माता-पिता की दवाई, युवाओं की कमाई और किसानों की आय का इंतजाम कौन कर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के “पीडीए” यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई को भी पार्टी की प्राथमिकता बताया।

उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन आज युवाओं के सामने रोजगार का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर युवाओं को रोजगार नहीं मिला तो देश का जनसांख्यिकीय लाभ ही एक बड़ी समस्या में बदल सकता है।

कार्यक्रम में वर्तमान विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल के शामिल न होने को लेकर उठे सवालों पर डॉ. अमित सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी विधायक से पहले ही बातचीत हो चुकी थी और उन्होंने अपनी व्यस्तता के कारण लखनऊ में होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि इसे लेकर किसी तरह का विवाद खड़ा करना गलत होगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उत्साह के साथ होली मिलन समारोह में भाग लिया, जिससे पूरा माहौल राजनीतिक रंग के साथ-साथ उत्सव के रंग में भी रंगा नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial