Breaking News

आजमगढ़: सपा नेताओं ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार को घेरा

Spread the love

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में भाजपा सरकार पर तीखा हमला, 27 मार्च तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय, जनपद आजमगढ़ में शनिवार को जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। इस दौरान नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि एस.आई.आर. (SIR) प्रक्रिया में भाजपा सरकार सत्ता के बल पर बेईमानी करने की कोशिश कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी मुस्तैदी के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि अभी भी सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटे रहें और 27 मार्च 2026 तक चलने वाली प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने बताया कि गरीबों, मजलूमों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले महान समाज सुधारक मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती समाजवादी पार्टी द्वारा नेहरू हाल, आजमगढ़ में भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम में पूरे जनपद से पी.डी.ए. (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

बैठक में मौजूद विधायक एवं पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और दवाइयों की कीमतें बढ़ने से आम जनता परेशान है, वहीं किसानों की समस्याएं भी विकराल रूप लेती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में संगठित भ्रष्टाचार बढ़ गया है और एक विशेष वर्ग के लोगों का वर्चस्व होने के कारण पिछड़ों और दलितों पर दमन और उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

वहीं विधायक डॉ. संग्राम यादव, बेचई सरोज, अखिलेश यादव और पूजा सरोज ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश और दुनिया की राजनीति तेजी से बदल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप दूसरे देशों की खनिज संपदा पर कब्जा करने के लिए ईरान जैसे देशों पर हमले की रणनीति अपना रहे हैं। नेताओं ने कहा कि कई देशों के नेताओं का नाम एपस्टीन फाइल में सामने आने के बाद जनता का ध्यान भटकाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव पैदा किया जा रहा है।

नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाएं और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।

बैठक में पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री डॉ. राम दुलार राजभर, राकेश कुमार यादव, वर्मन यादव, करूणा कांत मौर्य, अजीत कुमार राव, हरिश्चंद्र यादव, अब्दुल्ला, अशोक यादव भोला, डॉ. धनराज यादव, जी.एस. प्रियदर्शी, वाले चंद कुशवाहा, जगदीश यादव, सोमनाथ यादव, वसीमुद्दीन शेख, राज नारायण यादव, राम आसरे चौहान, दुर्गेश यादव, विवेक सिंह, विनीत राय, दीपचंद विशारद, विनोद यादव, संतोष कुमार गौतम, सुशील आनंद, टिपलूर रहमान सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial