Breaking News

महादेवी स्कूल में दिखा होली का उल्लास, नन्हे बच्चों ने खेली फूलों की होली

Spread the love

आज़मगढ़।  महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में होली पर्व का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में रंगों के इस उत्सव को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। फूलों और अबीर-गुलाल के साथ आयोजित होली समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के श्लोक के साथ हुई, जिसके बाद विद्यालय के नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के बच्चों ने फूलों की होली खेलकर आकर्षक प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण तालियों की गूंज से भर उठा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने होली के पारंपरिक गीतों और गतिविधियों के माध्यम से पर्व की सांस्कृतिक महत्ता को जीवंत कर दिया।

इस दौरान कृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजे बच्चों ने फूलों एवं अबीर-गुलाल से होली खेलकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों के उत्साह और उमंग ने विद्यालय परिसर को रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि होली का त्योहार भाईचारा और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। होली केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी मेलजोल का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए मिलजुल कर त्योहार मनाने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रशासन की ओर से बच्चों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल होली मनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को छुट्टी की खुशी के साथ होली पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।

इस सफल आयोजन में प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य, कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, किशन यादव, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, अजय यादव, राहुल तिवारी, आरोही मोदनवाल, प्रेमा यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाकर होली पर्व की सांस्कृतिक गरिमा को जीवंत रूप प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial