आजमगढ़ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रानी की सराय पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी की मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और नकदी के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर जिले में अपराध एवं अपराधियों की गिरफ्तारी तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर एवं थानाध्यक्ष रानी की सराय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:05 बजे ग्राम सेमरहां अंडरपास के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ब्लैक एंड व्हाइट रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UP54NS0218) पर सवार तीन व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन जल्दबाजी में मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आजाद कुमार (26 वर्ष) पुत्र शिवप्रसाद निवासी असाउर थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ़ तथा गोलू यादव पुत्र तेजनाथ यादव निवासी टडवा जरगर थाना मोहम्मदाबाद जनपद मऊ के रूप में हुई है। वहीं फरार अभियुक्त की पहचान आकाश कुमार पुत्र देवदत्त निवासी मस्तवनीया अझौली थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ़ के रूप में की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन (ओप्पो और पोको कंपनी) तथा 460 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिल चोरी की बताई जा रही है, जिसके संबंध में जांच की जा रही है।
इस मामले में थाना रानी की सराय में मु0अ0सं0 39/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुशील कुमार, उपनिरीक्षक सूरज तिवारी तथा कांस्टेबल आत्मा यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
