Breaking News

वाराणसी: AI समिट विवाद पर भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका

Spread the love

वाराणसी। AI समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित प्रकरण को लेकर देशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को वाराणसी के सर्किट हाउस परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका और चप्पलों से उसकी पिटाई कर विरोध दर्ज कराया।

भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अमित पांडेय ने प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में महत्वपूर्ण स्तर पर AI समिट जैसा बड़ा आयोजन हो रहा है, जिसमें विश्व के कई प्रमुख लोग शामिल हैं, ऐसे समय में इस प्रकार का प्रदर्शन देश की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने इसे “तुच्छ मानसिकता का प्रतीक” बताते हुए कहा कि यदि किसी को विरोध करना है तो उसके लिए निर्धारित स्थान पर ही प्रदर्शन करना चाहिए।

अमित पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी के इस कथित कृत्य से देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है, इसलिए भाजपा युवा मोर्चा ने विरोध स्वरूप उनका पुतला दहन किया। उन्होंने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ऐसे आचरण से देश की अंतरराष्ट्रीय छवि प्रभावित होती है।

वहीं कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने भी राहुल गांधी और उनके समर्थकों की आलोचना करते हुए कहा कि AI समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस घटना से देश शर्मसार हुआ है और राहुल गांधी को ऐसे कृत्यों से बचना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से विवादित टिप्पणियों से दूर रहने और जिम्मेदार आचरण अपनाने की भी अपील की।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच स्थिति तनावपूर्ण भी रही। जानकारी के अनुसार, प्रारंभ में एडीएम सिटी और पुलिस प्रशासन ने पुतला दहन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने संसदीय कार्यालय में शिकायत करने की बात कही और विरोध जताया।

हालांकि कुछ देर बाद प्रशासन ने प्रदर्शन की अनुमति दे दी, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस परिसर में राहुल गांधी का पुतला फूंका और नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने कांग्रेस तथा राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस प्रशासन ने मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को नियंत्रित किया और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial