Breaking News

आजमगढ़ बना सुहेलदेव जयंती का केंद्र, मंत्री अनिल राजभर के कार्यक्रम पर सबकी नजर

Spread the love

आजमगढ़। भारतीय इतिहास के महान योद्धा और श्रावस्ती के भर राजा महाराजा सुहेलदेव राजभर की जयंती को लेकर आजमगढ़ में सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। माहुल क्षेत्र के टिकुरिया मैदान में 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आजमगढ़ पहुंचकर मंत्री ने आयोजन से जुड़ी अहम जानकारी साझा की।

महाराजा सुहेलदेव राजभर की जयंती के अवसर पर आयोजित इस विशाल समारोह में राजभर समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम को सामाजिक एकता और राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव राजभर को नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर से आस्था रखने वाले लोग इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। मंत्री के अनुसार, केवल उत्तर प्रदेश में ही 135 स्थानों पर महाराजा सुहेलदेव राजभर की जयंती मनाई जा रही है, जबकि पूरे देश में भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष यह जयंती एक महीने तक विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों के माध्यम से मनाई जाती है।

वहीं अतरौलिया में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा आयोजित समरसता रैली को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल राजभर ने कहा कि वह एनडीए के सहयोगी दल हैं और अपनी पार्टी का कार्यक्रम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के बीच यदि किसी प्रकार की दूरी या भ्रम की स्थिति है तो उसे दूर किया जाएगा।

आजमगढ़ को कार्यक्रम स्थल बनाए जाने के सवाल पर मंत्री ने बताया कि इस आयोजन की घोषणा 29 दिसंबर को ही उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महाराजा सुहेलदेव राजभर जैसे महान राष्ट्रनायक के सम्मान में किया जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगामी चुनावों से पहले इस तरह के बड़े आयोजनों को सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में आजमगढ़ में होने वाला यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी खास संदेश देने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial