रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी, आज़मगढ़
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पाहीं जमीन पाहीं गांव में गुरुवार की शाम खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया, जब शादी में पटाखा फोड़ने की कोशिश के दौरान हुए जोरदार विस्फोट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सायं लगभग साढ़े चार बजे उस समय हुआ, जब बारात घर से निकल चुकी थी और परछन की रस्म चल रही थी।
स्थानीय निवासी चन्दन चौहान (22 वर्ष) पुत्र बजरंग चौहान बारात की खुशी में तेज आवाज वाले पटाखे तैयार कर रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार चन्दन ने पटाखे में भरे बारूद को निकालकर उसे लोहा की पाइप में भरकर हथौड़े से कूटना शुरू किया। इसी दौरान अचानक धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट इतनी तेज था कि चन्दन का दाहिना हाथ बुरी तरह फट गया और वह वहीं पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। चारों ओर अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोग भयभीत हो गए।
आनन-फानन में आसपास के ग्रामीणों ने घायल चन्दन को उपचार के लिए मुबारकपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गांव के ही आनंद चौहान पुत्र उमा चौहान की शादी थी। बारात जनपद के कप्तानगंज के लिए रवाना हो चुकी थी और इसी दौरान उत्सव के बीच यह हादसा हुआ। ग्रामीणों के अनुसार चन्दन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। ऐसे में उस पर यह विपत्ति भारी दुख का कारण बन गई है।
घटना की सूचना पाकर मुबारकपुर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। हालांकि क्षेत्रीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी हैं, लेकिन अधिकतर लोग कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने से परहेज कर रहे हैं। पुलिस विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि बारूद कहां से और कैसे लाया गया।
गांव में इस हादसे के बाद भय और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि खुशी के अवसर पर पटाखों के साथ की जाने वाली लापरवाही कभी-कभी बड़े हादसे का कारण बन जाती है। ऐसी घटनाएं आगाह करती हैं कि उत्सव के दौरान सुरक्षा और सावधानी को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।
