चौहान समाज के चतुर्दिक विकास पर चर्चा, सांसद धर्मेन्द्र यादव होंगे मुख्य अतिथि
आज़मगढ़ जिले के मुसेपुर रेलवे क्रॉसिंग के बगल में रामपुर, पानी टंकी के पास आगामी 28 अगस्त 2025 को सुबह 11 बजे चौहान प्रबुद्ध मंच के तत्वावधान में समाज के चतुर्दिक विकास पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा । इस कार्यक्रम में सदर लोकसभा सांसद धर्मेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक और समाजसेवी लल्लन चौहान हाल ही में सुर्खियों में रहे थे, जब उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। इस अवसर पर उन्होंने अखिलेश यादव को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत भी किया था। पार्टी ज्वाइन करने के उपलक्ष्य में नेहरू हाल में उनका भव्य स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया था।
अब 28 अगस्त को लल्लन चौहान अपने नए कार्यालय का उद्घाटन सांसद धर्मेन्द्र यादव के हाथों से कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय चौहान समाज और आम जनता के लिए हमेशा खुला रहेगा। “यहीं बैठकर हम समाज के ज़रूरतमंद लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके दुःख-दर्द में साझेदार बनकर उन्हें हर संभव राहत देने का काम करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि चौहान समाज लंबे समय से उपेक्षित रहा है। समाज का बड़ा वर्ग अब तक भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देता आया, लेकिन उन्हें हमेशा ठगा हुआ महसूस हुआ है। चौहान समाज के युवाओं पर एनकाउंटर की तलवार लटकती रही और विधानसभा में समाज का कोई ठोस प्रतिनिधित्व नहीं दिखा।
लल्लन चौहान ने कहा कि आने वाले समय में समाज को संगठित कर 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका नतीजा दिखाया जाएगा। “हम सब मिलकर अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे और चौहान समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चौहान समाज के लोग न केवल आज़मगढ़ जिले से बल्कि पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
