Breaking News

अलीगढ़ में सीएम योगी का संदेश , ‘वोकल फॉर लोकल’ से आतंकवाद को दें जवाब

Spread the love

सीएम योगी का अलीगढ़ दौरा: 1195 करोड़ की 188 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, “वोकल फॉर लोकल” से आतंकवाद को जवाब

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अलीगढ़ की धरती से एक बार फिर विकास और राष्ट्रवाद का बिगुल फूंका। अपने दौरे के दौरान सीएम योगी ने 1195 करोड़ रुपये की लागत से बनी 188 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन योजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास और ग्रामीण विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अपने भाषण में जहां भारत के सैन्य शौर्य की बात की, वहीं “मेक इन इंडिया” और “वोकल फॉर लोकल” को राष्ट्रहित में सबसे ज़रूरी बताया। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर ने भारत के शौर्य को पूरे विश्व के सामने रखा है। जो मोदी जी कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। सेना ने दुश्मनों को उन्हीं की जमीन पर जवाब देकर यह सिद्ध किया है कि भारत अब सिर्फ सहने वाला देश नहीं रहा।”

युवाओं को मिला तोहफा, 30 हजार नई भर्तियां

सीएम योगी ने युवाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि जल्द ही 30 हजार पुलिसकर्मियों की नई भर्ती शुरू की जाएगी। उन्होंने पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि “2017 से पहले सरकारी नौकरी एक परिवार की बपौती बन गई थी। नौकरियां निकलती थीं, लेकिन उसमें शोषण होता था। अब पारदर्शिता है, युवाओं को उनका हक मिल रहा है।”

डिफेंस कॉरिडोर बना अलीगढ़ की पहचान

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में दो डिफेंस कॉरिडोर की घोषणा की थी—एक तमिलनाडु में और दूसरा उत्तर प्रदेश में। अलीगढ़ इसका एक महत्वपूर्ण नोड है। उन्होंने बताया कि “अब यहां डिफेंस प्रोडक्शन शुरू हो चुका है। ब्रह्मोस मिसाइल जैसे घातक हथियार अब उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं, जिससे देश की सैन्य ताकत और बढ़ी है।”

‘एक जिला एक उत्पाद’ से स्थानीय विकास

सीएम योगी ने बताया कि 2018 में शुरू हुई ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) योजना आज देशभर में एक मॉडल बन चुकी है। इससे प्रदेश के परंपरागत उत्पादों को नई पहचान और बाज़ार मिला है। उन्होंने कहा, “अब त्योहारों पर चीन का सामान नहीं, बल्कि फिरोजाबाद की कांच, कन्नौज का इत्र, मेरठ के स्पोर्ट्स आइटम, आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी और वाराणसी की साड़ियां खरीदी जा रही हैं।”

‘वोकल फॉर लोकल’ से आतंकवाद को जवाब

मुख्यमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे “वोकल फॉर लोकल” को अपनाएं। उन्होंने कहा, “अगर हमारा पैसा विदेशी सामान पर खर्च होगा, तो वही पैसा हमारे खिलाफ आतंकवाद और धर्मांतरण के रूप में इस्तेमाल होगा। इसलिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें।”

स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों से 13 से 15 अगस्त के बीच ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, यह देश के स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। हर प्रतिष्ठान और घर में तिरंगा फहराएं और विशेष स्वच्छता अभियान में भाग लें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial