आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार सुबह एक युवक पर चाकू और छूरी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आजमगढ़ के मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान मोहम्मद रैयान (20 वर्ष) पुत्र शमशुल हक निवासी मुबारकपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रैयान सोमवार सुबह पुराने घर पर सोया हुआ था। सुबह जब वह घर से निकला, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे दो युवकों ने उस पर चाकू और छूरी से हमला कर दिया।
परिवार वालों का कहना है कि नगर पालिका चुनाव के दौरान चली पुरानी रंजिश इस हमले की वजह है। शरीफ अहमद और शालेहीन नामक दो आरोपियों पर गाली-गलौज करने के बाद धारदार हथियार से रैयान पर हमला करने का आरोप है।
हमले में युवक के हाथ, बाजू और पीठ पर गंभीर घाव आए हैं। घायल अवस्था में उसे पहले पास के अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आजमगढ़ मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल रैयान का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन थाने पहुंचे और आरोपी शरीफ अहमद और शालेहीन के खिलाफ तहरीर दी। मुबारकपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुबारकपुर थाना प्रभारी के अनुसार, घटना की पुष्टि हुई है और दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
