भारत जैसे पारिवारिक मूल्यों वाले देश में विवाह को एक पवित्र बंधन माना जाता है, जिसमें प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति समर्पण की भावना मूल आधार होते हैं। लेकिन जब इन्हीं रिश्तों में विश्वासघात, लालच और धोखे की मिलावट हो जाती है, तो वह रिश्ता एक खूनी मोड़ ले सकता है।
आज के समय में विवाहेतर संबंधों और पारिवारिक कलह से जुड़ी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिनमें कई बार किसी एक पक्ष की जान तक चली जाती है। कभी पत्नी द्वारा प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, तो कभी पति द्वारा पत्नी पर जानलेवा हमला—ऐसे अपराध समाज की नैतिकता और पारिवारिक ढांचे को गंभीर चोट पहुँचा रहे हैं।
ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पति को रंगे हाथों प्रेमी संग पकड़ने के बाद पत्नी ने अगली ही सुबह उसे पानी में जहर मिलाकर पिला दिया। गनीमत रही कि समय रहते इलाज मिल गया और पति की जान बच गई।
यह घटना जिले के राधानगर पावर हाउस के पास स्थित एक किराए के मकान की है, जहां रितिक यादव (उम्र 28) और उसकी पत्नी सुशीला यादव (उम्र 25) पिछले कुछ महीनों से रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, रितिक कानपुर में लोडर चालक के तौर पर काम करता है और पत्नी के आग्रह पर उसे अपने साथ कानपुर ले गया था। दोनों की शादी लगभग दो साल पहले हुई थी।
प्रेमी संग आपत्तिजनक स्थिति में पत्नी को पकड़ा
मामला 16 जुलाई की शाम का है, जब रितिक अचानक बिना बताए कानपुर से फतेहपुर स्थित अपने किराए के घर पहुंचा। घर का दरवाजा खोलते ही उसके होश उड़ गए। उसने अपनी पत्नी सुशीला को एक अज्ञात पुरुष के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखा। यह दृश्य देख रितिक को गहरा मानसिक आघात पहुंचा। हालांकि, उसने हंगामा करने की बजाय पत्नी को उसी रात चुपचाप साथ लेकर फतेहपुर लौटने का फैसला किया।
पानी में जहर मिलाकर दी हत्या की कोशिश
17 जुलाई को वे दोनों फतेहपुर लौट आए। अगली सुबह यानी 18 जुलाई को जब रितिक ने सुशीला से पानी मांगा, तो सुशीला ने गुस्से और बौखलाहट में उसके पानी में जहरीला पदार्थ मिला दिया। पानी पीने के कुछ ही देर बाद रितिक की हालत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने लगे, उल्टियां होने लगीं और वह अचेत अवस्था में चला गया।
पड़ोसियों ने जब रितिक की हालत बिगड़ती देखी, तो तुरंत उसकी मां रजनी यादव को सूचना दी। रजनी यादव आनन-फानन में मौके पर पहुंचीं और बेटे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। समय पर इलाज मिलने के कारण रितिक की जान बच गई।
पत्नी हुई फरार, पुलिस कार्रवाई शून्य
इस पूरी घटना के बाद आरोपी पत्नी सुशीला यादव घर से फरार हो गई है। रितिक की मां रजनी यादव ने राधानगर थाना प्रभारी को इस संबंध में लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने अपने बेटे की जान को खतरा बताते हुए आरोपी बहू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस बाबत जब राधानगर थाना प्रभारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, “मामला संज्ञान में आया है, जांच-पड़ताल जारी है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी।”
समाज में बढ़ते ऐसे मामलों से चिंता
हाल के वर्षों में विवाहेतर संबंध और आपसी विश्वासघात से जुड़े मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कभी नीला ड्रम में बंद शव तो कभी फ्रीज में मिली लाशें—ऐसे क्रूर अपराधों की संख्या बढ़ती जा रही है। यह घटना भी उसी कड़ी का हिस्सा लगती है, जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का प्रयास किया।
अब देखना यह होगा कि पुलिस जल्द कार्रवाई करती है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाता है। पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है और समाज इस तरह के अपराधों पर कठोर दंड की अपेक्षा करता है।
