आज़मगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगामी 3 जुलाई को आज़मगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। इस अवसर पर वे मंदुरी एयरपोर्ट के पास अनवरगंज में नवनिर्मित समाजवादी पार्टी कार्यालय का भव्य उद्घाटन करेंगे। इसको लेकर जिलेभर में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
गुरुवार को सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने बताया कि नया कार्यालय पूरी तरह से तैयार है और उद्घाटन की भव्य योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अनवरगंज स्थित यह कार्यालय आज़मगढ़ के संगठनात्मक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न फ्रंटल संगठनों की बैठकें लगातार की जा रही हैं।
हवलदार यादवने बताया कि गुरुवार को पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें 3 जुलाई के कार्यक्रम को अनुशासित और सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। इससे पहले पार्टी की कोर कमेटी और फ्रंटल संगठनों की बैठकों में भी व्यापक योजनाएं बनाई गई थीं।
उन्होंने कहा, “आजमगढ़ की जनता में राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर जबरदस्त उत्साह है। हमें लगता है कि हमारे द्वारा की गई व्यवस्थाएं छोटी पड़ जाएंगी, लेकिन हम पूरी कोशिश करेंगे कि आने वाले हर नागरिक का सम्मान हो और कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।”
जिलाध्यक्ष ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “समाजवादी सरकार के बाद बीते आठ वर्षों में आजमगढ़ में कोई विकास नहीं हुआ है। सड़कें टूटी पड़ी हैं और सपा शासनकाल में कराए गए काम भी ठप पड़े हैं। ऐसे में अखिलेश यादव की उपस्थिति आज़मगढ़ के लोगों के लिए नई ऊर्जा लेकर आएगी।”
मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव ने कहा, “आज़मगढ़ सपा का गढ़ रहा है और राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं में जोश और जनता में भरोसा दोनों बढ़ाने का काम करेगा। मंदुरी एयरपोर्ट के पास अनवरगंज में नवनिर्मित पार्टी कार्यालय का उद्घाटन जिले में संगठन को और मज़बूती देगा।”
सपा कार्यकर्ताओं और जनता में इस कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह है। माना जा रहा है कि 3 जुलाई को अखिलेश यादव का यह दौरा न केवल संगठनात्मक मजबूती देगा, बल्कि आगामी चुनावों की रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
