आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अकोल्ही गांव में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। घटना में घायल युवक की पहचान आशीष कुमार (पुत्र अशोक कुमार) के रूप में हुई है, जो हाल ही में मुंबई से अपने गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि आशीष की शादी आगामी 8 जून को होनी थी और वह इन दिनों शादी की तैयारियों में व्यस्त था।
घटना रात करीब 12 से 2 बजे के बीच की है जब आशीष अपने घर के बाहर नीम के पेड़ के नीचे सो रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात हमलावर ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावर ने आशीष के सिर पर भारी वस्तु से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली, तो वे आशीष को तुरंत लालगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार आशीष की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।
इस हमले से आशीष का परिवार पूरी तरह सदमे में है। आशीष के पिता अशोक कुमार ने बताया कि उनके बेटे का किसी से कोई झगड़ा या रंजिश नहीं थी, इसलिए इस हमले के पीछे की वजह समझ से परे है। उन्होंने देवगांव कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर की तलाश के लिए गांव और आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द हमलावर को गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
