आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद एक 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक आदित्य सेठ पुत्र राजू सेठ मिर्जापुर गांव का निवासी था।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम आदित्य सेठ गांव के ही कालीदास चौरसिया की जनरल स्टोर की दुकान पर सिगरेट लेने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आदित्य और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता गया और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि दुकानदार कालीदास चौरसिया के तीन बेटे – सनोहर, मनोहर और पिंटू तथा उनकी पत्नी ने मिलकर आदित्य की लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई की। हमले में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार आरोपियों ने आदित्य को अधमरा हालत में लालगंज के संयुक्त सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी अस्पताल से ही फरार हो गए। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
मृतक के भाई सत्यम सेठ ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि मामूली बात पर दुकानदार कालीदास चौरसिया, उसके तीन बेटे और पत्नी ने मिलकर आदित्य की हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
