रिपोर्ट – राहुल मौर्या, आजमगढ़
आजमगढ़ जनपद की जहानागंज पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा महज 24 घंटे के भीतर कर दिखाया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार (चापड़) भी बरामद किया है। यह पुलिस की सतर्कता और तत्परता का एक बड़ा उदाहरण है।

घटना 27 मई की शाम की है, जब भरपुरवा गांव में युवक अमित अपने साथियों सुदर्शन और जितेन्द्र के साथ बातचीत कर रहा था। तभी अचानक रितेश राजभर नामक युवक चापड़ लेकर वहां पहुंचा और तीनों पर हमला कर दिया। इस हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई, जबकि सुदर्शन और जितेन्द्र को भी गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता सुदर्शन राजभर ने थाना जहानागंज में तहरीर दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभाव से एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए घटना स्थल और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। इस दौरान एक मुखबिर की सूचना पर 28 मई की सुबह करीब 3:58 बजे सेमा देउरा मार्ग से आरोपी रितेश राजभर (उम्र 20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में रितेश ने हत्या की बात कबूल की और बताया कि अमित व उसके दोस्त अक्सर उसकी मां को लेकर आपत्तिजनक बातें करते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना जहानागंज पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद ही एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें थाना जहानागंज की पुलिस और स्वाट टीम शामिल थी। इस टीम ने बेहद सतर्कता और तकनीकी सहायता के साथ आरोपी की तलाश शुरू की और 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
एसपी मीना ने आगे बताया कि आरोपी रितेश राजभर से पूछताछ में पता चला कि मृतक अमित और उसके साथी लगातार उसकी मां के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करते थे, जिससे वह मानसिक रूप से आहत था। इसी अपमान की भावना से आक्रोशित होकर उसने हमला करने की योजना बनाई और 27 मई की शाम को मौका पाकर तीनों युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
जहानागंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में कानून के प्रति भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।
