आजमगढ़ : जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के भरपुरा गांव में मंगलवार रात पारिवारिक रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही चाचा और एक अन्य व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की है। भरपुरा गांव निवासी सुदर्शन (45 वर्ष) अपने घर के बाहर मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के भतरी गांव निवासी अपने परिचित अमित उर्फ लखेंद्र (36 वर्ष) के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी सुदर्शन के ही भतीजे ने अचानक पीछे से दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमलावर ने खासकर गर्दन पर हमला किया जिससे दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुदर्शन की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि हमलावर भतीजे और सुदर्शन के बीच काफी समय से जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि, “इस घटना को लेकर हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। हालात को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
