Breaking News

आजमगढ़: ग्राम प्रधान को बदमाशों ने मारी तीन गोली, हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

Spread the love

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक सनसनीखेज वारदात में बाइक सवार बदमाशों ने ग्राम प्रधान प्रकाश यादव को ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह हमला उस वक्त हुआ जब प्रधान अपने घर चुनहटा गांव लौट रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान प्रकाश यादव भदुली बाजार से लौट रहे थे। जैसे ही वह चुनहटा गांव के पास मोड़ पर पहुंचे, घर से महज 200 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली पेट में और दो गोलियां पैर में लगीं। गोली लगते ही प्रधान जमीन पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।

फायरिंग की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताकर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल प्रधान की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घायल प्रधान के भतीजे रामजीत यादव ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश है। उन्होंने हमले का आरोप बिट्टू यादव, सोनू यादव और मोनू यादव पर लगाया है। रामजीत के मुताबिक, हमलावर पहले से ही मौके पर घात लगाकर बैठे थे और जैसे ही उनके चाचा वहां पहुंचे, बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

घटना की जानकारी मिलते ही निजामाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial