आज़मगढ़ में स्कूल बस की चपेट में आने से 11 वर्षीय बालक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने बस में लगाई आग
आजमगढ़ – सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव गांव के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। इकरा पब्लिक स्कूल की एक बस की चपेट में आने से 11 वर्षीय बालक राज यादव, पुत्र शोभई यादव की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है जब राज यादव बाजार जा रहा था।
इस हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल बस में आग लगा दी और सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बस का चालक नाबालिग था और बस के पास फिटनेस सर्टिफिकेट भी नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, थाना प्रभारी यादवेंद्र पांडेय, और स्थानीय एसडीएम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुस्साए ग्रामीणों और मृतक बालक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम को समाप्त कराया गया।
एएसपी चिराग जैन ने बताया कि घटना के बाद तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। जली हुई बस को सरायमीर थाने भिजवाया गया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
