Breaking News

तालिबान समर्थकों पर दर्ज हो रहे मुकदमे : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या

Spread the love

फतेहपुर। सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बने लोगों पर रणनीति साफ कर दी। तालिबान समर्थकों के मुद्दे पर दो टूक कहा कि ऐसे लोगों पर मुकदमे लिखे जा रहे हैं। ऐसे समर्थकों पर सरकार की नजर है। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र कर विपक्षी दलों पर हमला बोला। कहा, तब यह नहीं दिख रहे थे। आइए चुनाव है। अपने कार्यकाल की कॉपी लेकर, जनता जवाब देने को तैयार है।
कलेक्ट्रेट के गांधी मैदान में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने गुरुवार 76 करोड़ की 100 परियोजनाओं का लोकार्पण और 213 करोड़ की 65 परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद यह बातें कहीं। उन्होंने परियोजनाओं की सौगात देते हुए इसे वोट रूपी कर्ज के ब्याज का यह कुछ हिस्सा करार दिया। दावा किया कि अभी बहुत काम किया जाना है। भाजपा का सपना सुशासन लाना है। प्रदेश से गुंडाराज खत्म हो चुका है। पहले की सरकार में गुंडे राज करते थे। सड़के नहीं बनती थीं। हां गलत लोगों के महल जरूर बन जाते थे। उन्होंने दावे से कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की तिकड़ी मिलकर प्रदेश में बार-बार चुनाव करा रही थी। जनता ने इन विपक्षी दलों को चुनाव के दौरान जो नतीजे दिए हैं। उससे अब यह खेल खत्म हो चुका है। दावा किया कि वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। तालिबान के मुद्दे पर सीएम के नायब ने साफ तौर पर सरकार की रणनीति साफ कर दी। कहा कि तालिबान का समर्थन कर उनकी बात करने वाले कार्रवाई की जद पर लाए जा रहे हैं। उन पर मुकदमे लिखे जा रहे हैं। आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी सूरत पर बख्से नहीं जाएंगे। इससे पहले डिप्टी सीएम ने भिटौरा के ओम घाट में स्वामी विज्ञानानंद महाराज से मुलाकात की। नदी के विकास के बारे में चर्चा करते हुए शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस मौके पर केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी, कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी, सदर विधायक विक्रम सिंह, बिंदकी विधायक करण सिंह पटेल, खागा विधायक कृष्णा पासवान, अयाह-शाह विधायक विकास गुप्ता उर्फ बब्लू, जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, पूर्व मंत्री राधेश्याम गुप्ता, पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह पटेल, पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक, पुष्पराज पटेल, नीरज सिंह, डा0 ज्ञानेन्द्र सचान, दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी, प्रभुदत्त दीक्षित भी मौजूद रहे। उधर पूरे कार्यक्रम को लेकर डीएम अपूर्वा दुबे व एसपी राजेश कुमार सिंह सजग रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial