बांदा जनपद में अन्ना गायों को जिंदा दफन करने पर जताई नाराजगी
फतेहपुर :- पड़ोसी जनपद बांदा में अधिकारियों की देखरेख में अन्ना गायों को जिंदा दफनाए जाने की शर्मसार करने वाली घटना के विरोध में सोमवार को जिले के कांग्रेसियों ने रामपुर थरियांव स्थित गौशाला में भाजपा की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ का आयोजन किया। साथ ही रामपुर से थरियांव तक प्रायश्चित यात्रा भी निकाली। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा का गौ प्रेम मात्र ढकोसला है। गायों की हालत आज भी बदतर है। कांग्रेसियों ने गाय पर किए जा रहे अत्याचार को बंद करने की मांग उठाई।
कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय की अगुवाई में कांग्रेसी रामपुर थरियांव स्थित गौशाला पहुंचे। जहां भारतीय जनता पार्टी की सदबुद्धि के लिए कांग्रेसियों ने यज्ञ किया। यज्ञ में आहूतियां डालने के बाद कांग्रेसियों ने रामपुर से थरियांव तक प्रायश्चित यात्रा भी निकाली। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकारों के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेसियों का कहना रहा कि योगी सरकार का गौ प्रेम मात्र दिखावा है। गौशालाएं तो खोल दी गई हैं लेकिन यहां सुविधाओं का टोटा है। आज भी गाए अन्ना घूम रही हैं और इन गायों के साथ लगातार अत्याचार हो रहा है। उन्होने कहा कि पड़ोसी जनपद बांदा में अधिकारियों की देखरेख में अन्ना गायों को जिंदा दफना दिया गया। यह घटना शर्मसार कर देने वाली है। उन्होने कहा कि यदि गायों पर अत्याचार बंद न किया गया तो कांग्रेसी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए विवश हो जाएंगे। इस मौके पर शहर अध्यक्ष मोहसिन खान, विकास मिश्र, बृजेश मिश्र, मिस्बाहुल हक, राजीव लोचन निषाद, ओम चंद्र मिश्र, अतुल पासवान, शाहिद शेख, रईस अहमद, पंकज सिंह गौतम, राजू मिश्र, इकबाल नफीस आदि मौजूद रहे।
