फतेहपुर। आगामी नवरात्र पर्व को लेकर नगर पालिका परिषद ने शहर क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सभी मंदिरों के बाहर साफ-सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त करने का कार्य शुरू कर दिया है। मंगलवार शहर क्षेत्र के कई मंदिरों के बाहर पालिका की टीम ने साफ-सफाई की। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अध्यक्ष प्रतिनिधि हाजी रजा पहुंचे। उन्होने टीम को निर्देशित किया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को गंदगी से दो-चार न होना पड़े, इसलिए सफाई व्यवस्था प्रतिदिन दुरूस्त रहनी चाहिए।
नगर पालिका परिषद की सफाई टीम ने शहर के कालिकन मंदिर समेत कई अन्य मंदिरों के बाहर विशेष सफाई अभियान चलाया। कर्मियों ने मंदिर के समीप नाला-नाली साफ करने के साथ ही मंदिर के बाहर फैली गंदगी को हटाया। अभियान का निरीक्षण करने के लिए अध्यक्ष प्रतिनिधि हाजी रजा कालिकन मंदिर पहुंचे। उन्होने अभियान में लगे कर्मियों को सख्त हिदायत दिया कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पूरे नौ दिनों तक मंदिरों के बाहर सफाई अभियान चलाकर चूने का छिड़काव किया जाए। उन्होंने अवर अभियंता जल को निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाए। अवर अभियंता निर्माण को निर्देश दिए कि मंदिर में आने जाने वाले श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। जहां जिस मार्ग पर गड्ढे हों उनको पैचिंग करा दिया जाए। इस अवसर पर अवर अभियंता राकेश कुमार गौड़, विजय कुमार, मोहम्मद हबीब, सफाई नायक लईक खान भी मौजूद रहे।
