Breaking News

रमा हॉस्पिटल में हर माह लगेगा गर्भवती महिलाओं का फ्री हेल्थ कैम्प- डॉ. खुश्बू सिंह

Spread the love

आजमगढ़ जिले के हरिवंशपुर स्थित रमा मल्टी स्पेशियालिटी हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर में मंगलवार को गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर में कुल 97 महिलाओं का परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सलाह भी दी गई।

रमा मल्टी स्पेशियालिटी हॉस्पिटल की एमडी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू सिंह ने बताया कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निःशुल्क शिविर प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक महिलाओं तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएं ताकि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रह सकें।

शिविर के दौरान डॉ. खुशबू सिंह ने गर्भवती महिलाओं को मौजूदा भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान से बचाव के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि तेज धूप और गर्म हवाएं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती हैं, जिससे गर्भ में पल रहे शिशु को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने सलाह दी कि बहुत जरूरी होने पर ही महिलाएं घर से बाहर निकलें और बाहर जाते समय शरीर को अच्छी तरह ढंककर रखें। साथ ही उबला हुआ पानी पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की बात कही।

उन्होंने महिलाओं को मौसम के अनुसार खानपान में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि फास्ट फूड और अत्यधिक मसालेदार चीजों से दूरी बनाकर रखें, क्योंकि इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा उन्होंने स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि खुले में शौच करना कई गंभीर बीमारियों को न्योता देने जैसा है, इसलिए सभी लोग स्वच्छता अपनाएं और खुले में शौच से बचें।

वहीं रमा हॉस्पिटल के डायरेक्टर अमित सिंह ने कहा कि अस्पताल समाज के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिलाओं की जांच के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।

अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्र की महिलाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial