Breaking News

आज़मगढ़ में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, मोबाइल कॉल से खुल सकता है राज

Spread the love

उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बंधा रोड पर एक युवक की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कल शाम बंधा रोड पर स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। पहले तो शव की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया।

कुछ ही देर में स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान सुधाकर पाठक के रूप में हुई, जो कि पत्रकार पदमाकर पाठक के छोटे भाई थे। मृतक की उम्र करीब 31 वर्ष बताई जा रही है और वह संजय पाठक के पुत्र थे। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

मृतक की पत्नी पूजा ने बताया कि जब उन्होंने अपने पति को फोन किया तो फोन किसी अनजान व्यक्ति ने उठाया। उस व्यक्ति ने खुद को “बड़ादेव” बताया और कहा कि मोबाइल पुरानी सब्जी मंडी पर मिल जाएगा। इसके कुछ देर बाद फोन स्विच ऑफ हो गया, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अब हर एंगल से जांच में जुट गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी जांच के जरिए जल्द ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पाण्डेय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है—क्या यह हत्या है या कोई और कारण? इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial